
अल्मोड़ा जिले के विकासखंड द्वाराहाट में कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत की अध्यक्षता में आज विकसित भारत का अमृत काल, सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल कार्यक्रम के तहत एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। वर्तमान केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल पुरे होने के अवसर पर आयोजित इस शिविर में लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया और अपनी समस्याओं का समाधान कराया तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। इस शिविर में कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने ग्राम्य विकास एवं हिमोत्थान योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की 32 महिलाओं को रोजगार स्थापित करने के लिए 15 लाख रुपए से अधिक के चेक वितरित किए। वहीं 5 दिव्यांग व्यक्तियों को सहायक उपकरण व 5 महिलाओं को महालक्ष्मी किट का वितरण भी कैबिनेट मंत्री ने किया। 12 व्यक्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र भी दिए तथा कैबिनेट मंत्री ने प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वाले व्यक्तियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कर्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां आई समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए। शिविर में आई समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। इस शिविर में कुल 72 शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित पंजीकृत हुई और कई लोगों ने मौखिक रूप से अपनी समस्याओं से कैबिनेट मंत्री को अवगत कराया। कैबिनेट मंत्री ने एक एक फरियादियों की समस्याएं सुनी तथा मौके पर ही उपस्थित अधिकारियों को उनकी समस्या का समाधान करने हेतु निर्देशित किया। इनमें से अधिकतर समस्याओं का निस्तारण कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने मौके पर ही कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय की कमी नहीं होनी चाहिए। आपसी समन्वय के साथ लोगों की समस्याओं को निस्तारित करें।
विभागीय स्टालों से लोगों ने उठाया लाभ, विभागीय योजनाओं की भी दी गई जानकारी –
इस शिविर में विभागीय स्टालों से प्रत्यक्ष रूप से 182 लोगों को लाभान्वित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा 111 व्यक्तियों का हेल्थ चेकअप किया गया तथा दवाएं दी गई। विद्युत विभाग द्वारा 11 लोगों के बिल सुधार संबंधी कार्य किए गए। पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग द्वारा यूसीसी पंजीकरण, परिवार रजिस्टर संशोधन, अन्य प्रमाण पत्र जैसे कार्यों से 33 लोगों को लाभान्वित किया। पशुपालन विभाग द्वारा 13 लोगों को पशुओं की दवाएं दी गई। कृषि विभाग द्वारा 5 किसानों को कृषि यंत्र अनुदान पर दिए गए।
शिविर के उपरांत की प्रेस वार्ता, गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां-
शिविर के उपरांत कैबिनेट मंत्री ने यहां प्रेस वार्ता में मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। 7 नए आईआईटी, 570 नए विवि खोले गए, 7 लाख से ज्यादा लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है। हर नागरिक को आवास उपलब्ध कराया गया है। हर घर जल दिया जा रहा है, 5 लाख रुपए तक निःशुल्क इलाज की सुविधा भी दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।