अल्मोड़ा। जौलजीबी मेले में धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी के साथ हुए घटनाक्रम को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि को अपने विधानसभा क्षेत्र की समस्याएं उठाने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों के सम्मान के खिलाफ है।
भोज ने कहा कि हरीश सिंह धामी धारचूला विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचित विधायक होने के साथ-साथ जौलजीबी मेले की आयोजन समिति के अध्यक्ष भी हैं। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन में उन्हें मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की समस्याएं रखने और जनता की आवाज उठाने का पूरा अवसर मिलना चाहिए था। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जनप्रतिनिधि ही अपनी जनता की समस्याएं सरकार तक नहीं पहुंचा पाएंगे तो फिर जनता की आवाज कौन उठाएगा?
उन्होंने कहा कि धारचूला और मुनस्यारी जैसे सीमांत क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं हैं। विधायक इन्हीं मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखना चाहते थे, लेकिन उनका माइक बंद कर उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिया गया। यह पूरे क्षेत्र की जनता की भावनाओं से जुड़ा गंभीर विषय है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार को विपक्ष के सवालों से घबराने के बजाय उनका जवाब देना चाहिए। कांग्रेस पार्टी अपने जनप्रतिनिधियों के सम्मान और जनता के अधिकारों के लिए हमेशा आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक जीवन में संयम और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन सभी की जिम्मेदारी है।
पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा किसी भी पक्ष के खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना से कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। भोज ने कहा कि सत्ता स्थायी नहीं होती, लेकिन लोकतंत्र में जनता की आवाज और जनप्रतिनिधियों का सम्मान सर्वोपरि है। सरकार को अहंकार छोड़कर विपक्ष की आवाज सुननी चाहिए।
