अल्मोड़ा। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज अल्मोड़ा जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल जागेश्वर धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ के समक्ष पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान 76.78 करोड़ रुपए की कुल 06 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।लोकार्पित योजनाओं में दन्या से आरा सल्पड़ और चायखान से थुआसिमल मोटर मार्गों का सुधारीकरण, तथा सत्यों में 33/11 केवी उपस्टेशन का निर्माण शामिल है। वहीं राजकीय पॉलीटेक्निक सल्ट और दन्या के अनावासीय भवनों तथा राजकीय पॉलीटेक्निक द्वाराहाट में मैकेनिकल भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने जागेश्वर धाम परिसर का पैदल निरीक्षण कर जागेश्वर मास्टर प्लान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।उन्होंने कहा— “जागेश्वर हमारी आस्था और विश्वास का केंद्र है। इसे दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।”मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए यहां की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाना जरूरी है। साथ ही वृद्ध जागेश्वर क्षेत्र को भी समान रूप से विकसित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम का समग्र विकास स्थानीय लोगों के आर्थिक सशक्तिकरण और रोजगार के नए अवसर खोलेगा तथा इस धाम को वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, एसएसपी देवेन्द्र पींचा, एसडीएम संजय कुमार, तहसीलदार बरखा जलाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
