उत्तराखंड। उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस की सेवा को सप्ताह में एक बार से बढ़ाकर अब तीन बार करने की मंजूरी दे दी है। मंत्रालय ने इसके संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य की रेल सेवाओं के विस्तार पर चर्चा की थी। मुख्यमंत्री के आग्रह पर रेल मंत्रालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह निर्णय लिया।
नई समय सारिणी के अनुसार —
15019 देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस अब बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी (पहले केवल रविवार को चलती थी)।
15020 टनकपुर–देहरादून एक्सप्रेस अब मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को संचालित होगी (पहले केवल शनिवार को चलती थी)।
मुख्यमंत्री धामी ने रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय कुमाऊं और गढ़वाल के बीच संपर्क को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि “यह कदम यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा देगा।
”उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेल संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए ऐतिहासिक काम हो रहे हैं। राज्य के विभिन्न हिस्सों में चल रही रेल परियोजनाओं से आने वाले समय में पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक रेल कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।
