उत्तराखंड। लंबे समय से प्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार का इंतजार अब लगभग खत्म होने की ओर है। इस विषय पर अब राजनीतिक हलकों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्वयं इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस मुद्दे पर 17 अक्तूबर को दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व से चर्चा करेंगे। राज्य कैबिनेट में इस समय पांच पद खाली हैं, जिनमें से चार लंबे समय से रिक्त हैं, जबकि एक पद पूर्व संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद खाली हुआ था। पार्टी के कई विधायक इन पदों के भरने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। महेंद्र भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा महत्वपूर्ण रहेगा और शीर्ष नेतृत्व की हरी झंडी मिलने के बाद कैबिनेट विस्तार जल्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक यह प्रक्रिया निकाय, पंचायत और उपचुनावों के साथ-साथ आपदा प्रबंधन कार्यों के कारण टलती रही, लेकिन अब देरी की संभावना कम है। प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया अब इंतजार ज्यादा लंबा नहीं रहेगा, जल्द ही राज्य मंत्रिमंडल में पांच नए चेहरों की एंट्री होगी।

