अल्मोड़ा। ग्राम सभा गधोली में सड़क निर्माण की मांग को लेकर उठाए गए कदमों के बाद ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अंशुल सिंह से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि जिलाधिकारी ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए, जिससे सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है।
इस दौरान ग्राम पंचायत सदस्य संतोष मेहरा ने बताया कि गांव में सड़क निर्माण की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड को संबंधित मार्ग का सर्वेक्षण कर निर्माण का आगणन तैयार करने के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के अनुपालन में विभागीय अभियंताओं ने सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पहल पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई पूरी होगी।
