
अल्मोड़ा जिले में स्थित सोमनाथ मंदिर के समीप एक व्यक्ति को भवन निर्माण कार्य के दौरान खोदाई में नवीं शताब्दी की ऐतिहासिक और दुर्लभ वीणाधारी शिव की मूर्ति मिली थी। उस व्यक्ति ने इसे मंदिर परिसर में रखवा दिया था। खंडित होने की वजह से यह यहीं रखी हुई थी। जानकारी मिलने पर संग्रहालय प्रभारी जन्मेजय तिवारी, चंद्रशेखर उपाध्याय, किशन किशोर और अर्जुन सिराड़ी ने इसे अपने संरक्षण में ले लिया। अब यह नवीं शताब्दी की ऐतिहासिक और दुर्लभ वीणाधारी शिव की मूर्ति अब जीबी पंत संग्रहालय की शोभा बढ़ाएगी। जिला मुख्यालय से करीब 35 किमी दूर सोमेश्वर स्थित सोमनाथ मंदिर से इसे म्यूजियम में लाया गया है। संस्कृति विभाग ने इसे अपने संरक्षण में ले लिया है। भगवान शिव की 1200 वर्ष पुरानी इस मूर्ति की खास बात यह है कि इसमें भगवान शिव वीणा धारण किए हुए हैं, जो दुर्लभ है। आम तौर पर मूर्तियों में शिव त्रिशूल, नाग और डमरू के साथ नजर आते हैं।