अल्मोड़ा। दीपावली पर्व को देखते हुए जिला व्यापार मंडल अल्मोड़ा और नगर व्यापार मंडल अल्मोड़ा के पदाधिकारियों ने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अल्मोड़ा से भेंट की। इस दौरान पदाधिकारियों ने नगर और बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग रखी।व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि दीपावली के दौरान बाजारों में हजारों की संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं, जिससे चोर, ठग और असामाजिक तत्वों की सक्रियता भी बढ़ जाती है। ऐसे में सुरक्षा प्रबंधों का मजबूत होना आवश्यक है। बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान व्यापारियों और नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण प्रदान करना रहा। पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि कुछ असामाजिक तत्व नगर में भय का माहौल फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिन पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इस पर एसएसपी अल्मोड़ा ने आश्वासन दिया कि दीपावली के मद्देनजर नगर क्षेत्र में पुलिस गश्त को व्यापक रूप से बढ़ाया जाएगा और वे स्वयं इसकी निगरानी करेंगे। जिला अध्यक्ष सुशील साह ने कहा कि व्यापार मंडल अपने सभी छोटे-बड़े व्यापारियों के साथ खड़ा है और किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय या शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल एक परिवार की तरह है और किसी भी व्यापारी के साथ किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संपूर्ण व्यापार मंडल एकजुट होकर उसका साथ देगा। नगर अध्यक्ष अजय वर्मा और नगर सचिव वकुल साह ने व्यापारियों से एकजुट रहने और अपनी दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे उचित दिशा में लगाने की अपील की, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में स्पष्ट साक्ष्य उपलब्ध हो सकें। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री मनीष जोशी, जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी, कार्यकारी अध्यक्ष संजय अग्रवाल, संयुक्त महामंत्री दिनेश मठपाल, जिला मंत्री अतुल पांडे, जिला संरक्षक राकेश तिवारी, राजीव गुररानी, नगर अध्यक्ष अजय वर्मा, नगर सचिव वकुल साह, सह सचिव अश्विन नेगी सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।

