
अल्मोड़ा नगर में लिंक रोड तल्ला थप्लिया होंडा शोरूम से 100 मीटर नीचे एक मकान के पीछे संदिग्ध अवस्था में मिले बागेश्वर के मेहनार बुंगा निवासी पुलिस जवान के शव का रविवार को पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया, लेकिन मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है। हालांकि पुलिस ने मृतक जवान का बिसरा सुरक्षित रखवा लिया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। नगर के तल्ला थपलिया में मिले इस पुलिस जवान के शव की शिनाख्त हेड कांस्टेबल अनिल रावत के रूप में हुई, जो 23 अप्रैल को ही ऊधमसिंह नगर से स्थानांतरित होकर अल्मोड़ा आया था। पुलिस ने रात में ही शव को मोर्चरी भेज दिया था। रविवार को सीओ जीडी जोशी, कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय मोर्चरी पहुंचे। तब तक मृतक जवान के परिजन और रिश्तेदार भी पहुंच चुके थे। पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि मृतक जवान लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। वह पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र में काफी भरोसा करता था। सूत्रों के मुताबिक वह अपने साथ एक बड़ा मंदिर भी रखता था, लेकिन जवान की मौत कैसे हुई यह अब तक साफ नहीं हो पाया है। पुलिस भी मौत के कारण को अज्ञात मान रही है। डॉक्टरों की ओर से पोस्टमार्टम कर लिया गया है। बिसरा सुरक्षित रखा गया है।