अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जनपद अल्मोड़ा में 26वां राज्योत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मल्ला महल में आयोजित मुख्य समारोह में राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। वहीं, प्रदेश में हुए विकास कार्यों को दर्शाती विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य आंदोलनकारियों को फूलमाला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मान प्रदान किया गया। वक्ताओं ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के संघर्षपूर्ण इतिहास को याद करते हुए आंदोलनकारियों के योगदान और राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को नमन किया। आंदोलनकारियों ने भी अपने अनुभव और आंदोलन से जुड़ी यादें साझा कीं। समारोह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
इससे पूर्व सुबह विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभातफेरी निकालकर स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ किया। इसके बाद जनरल बीसी जोशी शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय के साथ ही जनपद की सभी तहसीलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यहां राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित कर उनके संघर्ष और योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन सिंह लटवाल एवं गोविंद पिल्खवाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा एवं रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक, केवल सती, महेश परिहार सहित अनेक गणमान्य नागरिक, राज्य आंदोलनकारी और आमजन मौजूद रहे।
