अल्मोड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ भाजपा नेता एवं खिलाड़ी बिट्टू कर्नाटक ने विशेष पहल की है। विकासखंड भैसियाछाना के ग्राम खास तिलारी में आयोजित स्वर्गीय कुंदन सिंह गैलाकोटी स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बिट्टू कर्नाटक ने विजेता टीम को पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के युवाओं और बच्चों से संवाद करते हुए घोषणा की कि खेलों में रुचि रखने वाले प्रत्येक इच्छुक बच्चे को उसकी पसंद के अनुसार खेल किट उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि संसाधनों के अभाव में किसी भी बच्चे की प्रतिभा दबनी नहीं चाहिए। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। किसी की रुचि क्रिकेट में है तो किसी की फुटबॉल, बैडमिंटन या अन्य खेलों में। ऐसे में सभी को अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि आर्थिक तंगी या संसाधनों की कमी किसी भी होनहार खिलाड़ी के सपनों में बाधा न बने। उनका लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को आज मिलने वाला छोटा सा सहयोग और प्रोत्साहन भविष्य में उनकी बड़ी सफलता की नींव बन सकता है। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय कुंदन सिंह गैलाकोटी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए टूर्नामेंट के आयोजकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ ही युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरीश बनौला, हाजी नूर अकरम खान, राजेंद्र सिंह बिष्ट, हिमांशु कनवाल, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय तिलारा, आयोजक ठाकुर सिंह गैलाकोटी, आचार्य नंदन सिंह गैलाकोटी, गोपाल सिंह गैलाकोटी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा, खिलाड़ी और ग्रामीण मौजूद रहे। बिट्टू कर्नाटक की खेल किट उपलब्ध कराने की घोषणा का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।
