अल्मोड़ा। जिले के धौलछीना क्षेत्र के हरड़ा के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर एक बोलेरो मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मां-बेटी भाई दूज मनाने के लिए पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो मैक्स वाहन से अपने गांव हरड़ा लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।रात के समय हादसे की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी। गुरुवार सुबह राहगीरों ने खाई में दुर्घटनाग्रस्त वाहन देखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।हादसे में मां-बेटी और वाहन चालक की मौत हुई है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर है।
