अल्मोड़ा। त्योहारी सीजन के बाद पहाड़ी क्षेत्रों से वापस लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस ने जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया है। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहनों की जांच की जा रही है।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने, ओवरस्पीड और नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी जा रही है। वहीं यात्रियों को भी जागरूक किया जा रहा है कि यदि कोई चालक ओवरलोडिंग या नशे में वाहन चलाता दिखाई दे तो तत्काल डायल 112 पर सूचना दें।
चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 108 वाहन चालकों के विरुद्ध एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
