
अल्मोड़ा के लमगड़ा ब्लॉक के सत्यों गांव के लोगों ने सार्वजनिक रूप से शराब पिलाने वालों के सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लिया है। यदि कोई भी व्यक्ति अथवा परिवार सार्वजनिक रूप से शराब बांटते हुए नज़र आया तो उसे समाज से बेदखल किया जाएगा। साथ ही चेतावनी कि, निर्णय की अवहेलना करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गांव के लोगो ने इसकी निगरानी के लिए संरक्षक समिति का गठन कर पूर्व प्रधान नीमा सतवाल को अध्यक्ष चुना है। समिति में सरपंच पुष्पा देवी को उपाध्यक्ष, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता आर्या को सचिव चुना गया। संरक्षक अनीता देवी सहित 12 सदस्यों की कार्यकारिणी गठित की गई है। समिति गांव में अराजक तत्वों पर भी कड़ी निगरानी रखेगी। कार्यकारिणी के गठन के दौरान लोगों ने कहा कि गांव में विवाह, पंच स्थानी चुनाव सहित अन्य आयोजनों में शराब परोसना चिंताजनक है।