अल्मोड़ा। कुमाऊं की प्राचीन लोक परंपराओं में विशेष स्थान रखने वाली ऐतिहासिक बग्वाल इस वर्ष भी गोवर्धन पूजा के अवसर पर ताकुला और हवालबाग विकासखंड की सीमा पर स्थित विजयपुर पाटिया गांव में पारंपरिक उत्साह के साथ आयोजित की गई। चंपावत के देवीधुरा की तर्ज पर खेले जाने वाले इस पाषाण युद्ध में 100 से अधिक बग्वाली वीरों ने प्रतिभाग किया।
ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच पचघटिया नदी के दोनों ओर दो दल आमने-सामने आए और एक-दूसरे पर पत्थरों की बौछार शुरू कर दी। लगभग 56 मिनट तक चले इस पारंपरिक युद्ध के दौरान 12 बग्वाली वीर मामूली रूप से घायल हो गए।परंपरा के अनुसार पाटिया, भटगांव और कसून गांव के बग्वाली वीरों ने एक पक्ष का प्रतिनिधित्व किया, जबकि दूसरे पक्ष में कोट्यूड़ा गांव के वीर शामिल रहे।
निर्धारित परंपरा के तहत दोनों दलों के बीच पत्थरबाजी का सिलसिला जारी रहा। इसके बाद एक वीर ने पचघटिया नदी में उतरकर पानी पिया। उनके पानी पीते ही शंखनाद के साथ बग्वाल समाप्त करने की घोषणा की गई और पत्थरबाजी रोक दी गई। ग्रामीणों के अनुसार विजयपुर पाटिया में गोवर्धन पूजा के दिन बग्वाल खेलने की परंपरा वर्षों पुरानी है।
यह आयोजन केवल एक पारंपरिक खेल नहीं, बल्कि चार गांवों की एकजुटता, आपसी सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक भी है। बग्वाल संपन्न होने के बाद दोनों पक्षों के वीर एक-दूसरे के गले मिलकर शुभकामनाएं देते हैं और अगले वर्ष फिर इस परंपरा को निभाने के संकल्प के साथ विदा होते हैं।
पाटिया की यह अनूठी बग्वाल आज भी कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम कर रही है।
