हल्द्वानी। दीपावली की छुट्टियों में घर लौट रहे एक युवक को टैक्सी दिलाने का झांसा देकर लूटने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटा गया सामान बरामद कर लिया है। मामले के अनुसार, बेरीनाग निवासी मुकेश भट्ट चंडीगढ़ में नौकरी करते हैं। 7 नवंबर को वह दीपावली की छुट्टियों में घर जाने के लिए हल्द्वानी पहुंचे थे।
पिथौरागढ़ जाने के लिए रोडवेज बस स्टेशन पर टैक्सी की तलाश के दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनके संपर्क में आए। आरोपियों ने प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी होने की बात कहकर उन्हें अपने साथ चलने के लिए कहा। इसके बाद दोनों उन्हें एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां उनके साथ लूटपाट कर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी उनका आईफोन, 7 हजार रुपये नकद, हेडफोन और कान की सोने की बाली लेकर फरार हो गए थे।
शिकायत मिलने पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद सुरागरसी और पतारसी के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन, सोने की बाली, हेडफोन और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। फिलहाल मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।
