विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का भी औपचारिक समापन हो गया। इस दौरान पूरा धाम बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने भावुक माहौल में बाबा की विदाई की।
कपाट बंद करने की प्रक्रिया तड़के सुबह 4 बजे विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। परंपरागत विधि-विधान से सभी पूजाएं संपन्न कराने के बाद शुभ मुहूर्त में सुबह 8:30 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़ समेत प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी, तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर की परिक्रमा की और अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई। डोली के प्रस्थान के समय श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ बाबा को विदाई दी। इस दौरान कई श्रद्धालु डोली के साथ धाम से रवाना हुए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाबा केदार की डोली 11 नवंबर को रामपुर में रात्रि विश्राम करेगी। 12 नवंबर को गुप्तकाशी पहुंचेगी, जबकि 13 नवंबर को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होगी। इसके बाद परंपरागत रूप से बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना शुरू की जाएगी। अगले छह माह तक भगवान केदारनाथ की नियमित पूजा और धार्मिक अनुष्ठान ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में ही संपन्न होंगे।
इस दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल पर दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
