अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय को अन्यत्र शिफ्ट नहीं किया जाएगा,स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने पूर्व विधायक कैलाश शर्मा को दिया आश्वासन
।अल्मोड़ा/देहरादून-अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय को अन्यत्र शिफ्ट किए जाने की चर्चाओं के बीच भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा ने आज देहरादून में उत्तराखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर इस संबंध में अपना पक्ष रखा।पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र सौंपते हुए कहा कि अल्मोड़ा की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों एवं नगर की बसावट को देखते हुए जिला चिकित्सालय का वर्तमान स्थान आम जनता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अस्पताल को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने से अल्मोड़ा नगर एवं आसपास के क्षेत्रों की जनता को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए चिकित्सालय को अन्यत्र शिफ्ट किए जाने के किसी भी प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने पूर्व विधायक कैलाश शर्मा को आश्वस्त किया कि अल्मोड़ा की भौगोलिक स्थिति, स्थानीय आवश्यकताओं एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए जिला चिकित्सालय को अन्यत्र शिफ्ट नहीं कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अल्मोड़ा की जनता की भावनाओं के अनुरूप लगातार कार्य कर रही है और किसी भी निर्णय में जनभावनाओं का पूरा सम्मान किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनभावनाओं को आहत नहीं होने दिया जाएगा तथा अल्मोड़ा की आवश्यकताओं और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य पर्वतीय क्षेत्रों से अलग हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े किसी भी निर्णय में स्थानीय परिस्थितियों, आम जनता की सुविधा और जनभावनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनहित और जनभावनाओं के अनुरूप ही विकास एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित निर्णय लिया जाएगा।मुलाकात के बाद पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने कहा हम भारतीय जनता पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार उत्तराखंड की जनता को बेहतर,सुलभ एवं सुविधायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उत्तराखंड और विशेष रूप से अल्मोड़ा की जनता के प्रति हमारी जवाबदेही है। जनभावनाओं का सम्मान करना हमारा दायित्व है। ऐसा कोई भी निर्णय नहीं होगा, जो जनभावनाओं के अनुरूप न हो।पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि सरकार अल्मोड़ा की जनता की आवश्यकताओं और भावनाओं का सम्मान करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य करेगी।मंत्री के स्पष्ट आश्वासन के बाद जिला चिकित्सालय को अन्यत्र शिफ्ट किए जाने को लेकर चल रही चर्चाओं के संबंध में सरकार की स्थिति स्पष्ट हो गई है।
