अल्मोड़ा बाड़ेछीना सेराघाट सड़क के लिए 29.89 करोड़ स्वीकृत, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत,पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने मुख्यमंत्री धामी और सांसद अजय टम्टा का जताया आभार।
अल्मोड़ा-अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।अल्मोड़ा बाड़ेछीना सेराघाट राज्य राजमार्ग संख्या 3 के 42.7 किलोमीटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं डामरीकरण के लिए 29.89 करोड़ की धनराशि स्वीकृत होने पर पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने कहा कि इस महत्वपूर्ण मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं डामरीकरण के लिए उनके द्वारा लंबे समय से लगातार अनुरोध किया जा रहा था।जनहित की इस मांग को स्वीकार करते हुए धनराशि स्वीकृत किए जाने पर उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री तथा अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सड़क का पुनर्निर्माण और डामरीकरण होने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से आ रही आवागमन की परेशानियों से बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही बेहतर सड़क सुविधा से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा तथा विकास को नई गति प्राप्त होगी।
कैलाश शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने सड़क के लिए स्वीकृत धनराशि को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसके लिए सभी संबंधितों का आभार जताया।
