अल्मोड़ा। जिला चिकित्सालय को नगर क्षेत्र से बाहर शिफ्ट करने के प्रस्ताव को लेकर अल्मोड़ा के व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है। जिला व्यापार मंडल ने दो टूक कहा है कि अस्पताल को नगर से बाहर ले जाने का कोई भी निर्णय स्वीकार नहीं किया जाएगा।
व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि प्रस्ताव को आगे बढ़ाया गया तो नगर के व्यापारियों और आम जनता को साथ लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।जिला व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील साह एवं जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी ने कहा कि जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है।
प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए अस्पताल पहुंचते हैं। अस्पताल नगर के समीप होने से गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल पाता है। ऐसे में इसे शहर से दूर शिफ्ट करना आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनेगा।उन्होंने कहा कि सरकार को स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने, अस्पताल में आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं में सुधार करने पर ध्यान देना चाहिए, न कि मौजूदा सुविधा को ही जनता से दूर करने का निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनता की सुविधाओं और आवश्यकताओं को नजरअंदाज कर लिया गया कोई भी निर्णय स्वीकार नहीं किया जाएगा।नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय वर्मा एवं सचिव वकुल साह ने भी जिला अस्पताल को स्थानांतरित करने के प्रस्ताव का विरोध किया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें अधिकांश आर्थिक रूप से कमजोर परिवार होते हैं। अस्पताल को नगर से बाहर ले जाने पर इन लोगों को इलाज के लिए अतिरिक्त समय और आर्थिक खर्च उठाना पड़ेगा।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि जिला अस्पताल के स्थानांतरण का असर नगर के व्यापार पर भी पड़ेगा। अस्पताल के आसपास बड़ी संख्या में दवा, खान-पान और अन्य छोटे-बड़े व्यवसाय संचालित होते हैं। अस्पताल के दूर जाने से इन कारोबारों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।जिला व्यापार मंडल ने पूर्व में पुरानी कलेक्ट्रेट को पांडे खोला शिफ्ट किए जाने का उदाहरण देते हुए कहा कि उस निर्णय के बाद भी आम जनता को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब जिला चिकित्सालय को भी नगर से दूर करने का निर्णय जनता और व्यापारियों के हित में नहीं है।
जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह और महामंत्री भैरव गोस्वामी ने कहा कि जिला चिकित्सालय को शिफ्ट करने का प्रस्ताव व्यापारियों और अल्मोड़ा की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा नगर में ही रहना चाहिए, जनता की सुविधा से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा।”उन्होंने सरकार से मांग की कि जिला चिकित्सालय को नगर से बाहर स्थानांतरित करने के विचार को आगे न बढ़ाया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस प्रस्ताव पर आगे कार्रवाई की गई तो व्यापार मंडल नगर के व्यापारियों और आम जनता को साथ लेकर आंदोलन करेगा।
#Almora #AlmoraNews #DistrictHospital #AlmoraVyaparMandal #UttarakhandNews #HospitalShift #AlmoraCity
