ऋषिकेश-बदरीनाथ और रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे को जोड़ने वाले रैंतोली-जवाड़ी बाईपास पर भारी भूस्खलन हुआ, जिससे टनों मलबा हाईवे पर आ गिरा। यह घटना जगतोली से लगभग एक किलोमीटर आगे हुई, जहां पहाड़ी से गिरे मलबे और पेड़-पौधों ने सड़क पर 10 से 15 फीट ऊंचा टीला बना दिया। भूस्खलन इतना गंभीर था कि सड़क के 25 से 30 मीटर हिस्से को नुकसान पहुंचने की आशंका है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि मौके पर मौजूद वाहन भूस्खलन स्थल से 40-50 मीटर पहले ही रुक गए थे। राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड लोनिवि रुद्रप्रयाग के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडे ने बताया कि मलबा हटाने में चार से पांच दिन का समय लग सकता है। तब तक बाईपास पर दो तरफा यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। संभावना है कि मलबे से सड़क को भी काफी नुकसान हुआ है।
