पांच अगस्त की आपदा में तेलगाड से आए मलबे के कारण भागीरथी नदी में एक कृत्रिम झील का निर्माण हो गया है, जो अब चिंता का विषय बनी हुई है। मलबा हटाकर झील के पानी की निकासी के लिए पोकलेन मशीन से कार्य करने की योजना तैयार की गई थी और इसके लिए अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण भी किया था। इधर, आपदाग्रस्त धराली में पुलिस ने खोज एवं बचाव अभियान का दूसरा चरण शुरू कर दिया है। इस अभियान के लिए आईजी एसडीआरएफ अरुण मोहन जोशी को इंसीडेंट कमांडर और कमांडेंट एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी को डिप्टी कमांडर नियुक्त किया गया है। धराली में फंसे 1,273 लोगों को अब तक सुरक्षित निकाल लिया गया है। अब बचाव दल लापता लोगों की तलाश पर ध्यान केंद्रित करेगा।
