उत्तराखंड में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बीते 24 घंटों में देहरादून सहित अधिकांश क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को बागेश्वर में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि देहरादून, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल जिलों में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है। राज्य के सभी जनपदों में गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर हो सकते हैं। आपदा परिचालन केंद्र ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने और नदी-नालों के किनारे जाने से बचने की अपील की है।मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं शहर के कई हिस्सों में जलभराव से यातायात बाधित हुआ और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
