उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम के तेवर तीखे बने रहेंगे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 अगस्त तक प्रदेशभर में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए देहरादून, पौड़ी, उत्तरकाशी और नैनीताल जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। मौसम विज्ञान विभाग के हाइड्रोमेट डिवीजन ने बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, टिहरी और उधम सिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ बाढ़ के खतरे की संभावना जताई है। इस संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उधर, बारिश के अलर्ट के चलते केदारनाथ यात्रा को एक बार फिर तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है।
