उत्तराखंड के 12 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चार जिलों में प्रत्याशियों के सामने कोई प्रतिस्पर्धी नहीं उतरा। इन चारों जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध चुने जाएंगे। इसी तरह 11 ब्लॉक प्रमुख पदों पर भी निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। सोमवार को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। इसके बाद देर शाम तक नामांकन पत्रों की जांच की गई। रुझानों से स्पष्ट हुआ कि चार जिला पंचायत अध्यक्ष और 11 ब्लॉक प्रमुख का निर्विरोध निर्वाचन होगा। शेष आठ जिला पंचायत अध्यक्ष और 78 ब्लॉक प्रमुख पदों पर 14 अगस्त को मतदान होगा। इससे पहले मंगलवार को प्रत्याशी नाम वापस ले सकेंगे। मतदान के बाद 14 अगस्त को ही नतीजों की घोषणा की जाएगी।
