दीपावली से पहले प्रदेश सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने राज्य के 2.50 लाख से अधिक कर्मचारियों को 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता (DA) जारी करने के आदेश जारी कर दिए हैं। यह भत्ता 1 जुलाई से 31 अक्तूबर तक नकद रूप में दिया जाएगा। वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अराजपत्रित कर्मचारियों को बोनस का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। सरकार के इस निर्णय से लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों में खुशी की लहर है। केंद्र सरकार की तर्ज पर राज्य सरकार ने भी महंगाई भत्ते की दर में 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत तक की वृद्धि की है। इस फैसले से कर्मचारियों को दीपावली से पहले आर्थिक राहत मिलेगी। गौरतलब है कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दीपावली से पहले बोनस और डीए जारी करने की मांग की थी। इस पर वित्त विभाग के अपर सचिव डॉ. अहमद इकबाल ने बताया कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार ने आज बोनस और डीए जारी करने का निर्णय ले लिया है।

