हल्द्वानी (गौलापार) – शहर को हिला देने वाले 10 वर्षीय अमित मौर्या हत्याकांड में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 4 अगस्त को गौलापार निवासी खूबकरन मौर्या ने अपने बेटे अमित की गुमशुदगी काठगोदाम थाने में दर्ज कराई थी। 5 अगस्त को पुलिस ने भारी जनदबाव के बीच पड़ोसी के गोठ से मृतक का सिर और हाथ कटा धड़ बरामद किया। जांच में पुलिस को शुरुआती सफलता नहीं मिली, जिसके बाद एसएसपी ने तीन सर्च टीमें बनाईं। डॉग स्क्वॉड, ड्रोन कैमरा और एफएसएल टीम की मदद ली गई। पड़ोसी निखिल जोशी (38) लगातार तांत्रिक क्रियाओं का बहाना बनाकर पुलिस को गुमराह करता रहा। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए मनोचिकित्सक डॉ. युवराज पंत की मदद से गहन पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि बच्चे को घिनौनी मंशा से अपने घर ले गया, विरोध करने पर गला दबाकर हत्या की और शव के टुकड़े कर दफना दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गोठ से मृतक का सिर, दाहिना हाथ और चप्पल बरामद किए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले का खुलासा करने वाली टीम को आईजी ने ₹5,000 और एसएसपी ने ₹2,500 का पुरस्कार दिया है।
