देहरादून:राज्य में एलपीजी और ईंधन की उपलब्धता को सुचारू बनाए रखने तथा कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा प्रदेशभर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 10, 11 और 12 मार्च 2026 तक विभिन्न जनपदों में विभागीय अधिकारियों ने निरीक्षण और प्रवर्तन की कार्रवाई की।आयुक्त खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अनुसार तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कुल 280 निरीक्षण किए गए।
जांच के दौरान 58 स्थानों पर छापेमारी की गई, जबकि 4 मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई है।अभियान के दौरान अवैध भंडारण और दुरुपयोग के मामलों में 74 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा 01 काटा (वजन माप उपकरण) और 02 रिफिलिंग किट भी बरामद की गईं।
विभाग ने अनियमितताओं के चलते ₹4600 का अर्थदंड भी वसूला है।आयुक्त ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर गैस और ईंधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध रिफिलिंग को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी एलपीजी या ईंधन से संबंधित अनियमितता, कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
