नंदा देवी मेले की आड़ में बाहरी बाजार को अनुमति न देने की मांग
अल्मोड़ा। मां नंदा देवी मेले की आड़ में बाहरी बाजार लगाए जाने की तैयारियों को लेकर नगर व्यापार मंडल ने विरोध जताया है। नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय वर्मा और सचिव वकुल साह ने प्रशासन से मांग की है कि मेले के नाम पर किसी भी बाहरी बाजार को अतिरिक्त अनुमति न दी जाए।
अजय वर्मा ने कहा कि व्यापारियों को जानकारी मिली है कि कुछ लोग मेले से करीब 20 दिन पहले से लेकर मेले के 20 दिन बाद तक मंदिर के पास बड़ा बाहरी बाजार लगाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी व्यापार मंडल और स्थानीय व्यापारियों ने ऐसे बाजार का विरोध कर उसे हटाया था।
व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि बाहरी बाजार को अनुमति दी गई तो नगर में विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी।अजय वर्मा ने कहा कि मां नंदा देवी मेला नगर की आस्था और पौराणिक परंपरा से जुड़ा आयोजन है।
मेले में निर्धारित अनुमति के तहत ही दुकानें लगाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आर्थिक मंदी के कारण स्थानीय व्यापारी पहले से परेशान हैं, ऐसे में बाहरी बाजार को अतिरिक्त अनुमति किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
#Almora #NandaDeviMela #AlmoraNews #NandaDevi #AlmoraTradeBoard #LocalTraders #UttarakhandNews #AlmoraKumaun #AKFastNews
