अल्मोड़ा में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अंशुल सिंह द्वारा जारी सूचना के अनुसार ग्राम पंचायत सदस्य के 854, ग्राम प्रधान के 1 तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1 रिक्त पद पर उपचुनाव कराया जाएगा।
इसमें न्यायालय के स्थगन आदेश से बाधित पद शामिल नहीं होंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र 30 सितंबर 2026 एवं 1 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जमा किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 3 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। नाम वापसी 4 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक तथा चुनाव चिह्नों का आवंटन 5 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक किया जाएगा।
मतदान 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।
मतगणना 14 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से कार्य समाप्ति तक होगी।
ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों में हवालबाग में 68, धौलादेवी में 57, लमगड़ा में 86, ताकुला में 67, भैंसियाछाना में 37, ताड़ीखेत में 99, चौखुटिया में 64, द्वाराहाट में 90, स्याल्दे में 94, भिकियासैंण में 92 तथा सल्ट में 100 पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त ताकुला विकासखंड में ग्राम प्रधान का 1 तथा भिकियासैंण विकासखंड में क्षेत्र पंचायत सदस्य का 1 पद रिक्त है।नामांकन पत्रों की बिक्री संबंधित विकासखंड मुख्यालयों पर 26 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक कार्यालय समय में तथा 1 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 3 बजे तक की जाएगी।
नामांकन पत्र जमा करने, जांच, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन, मतगणना एवं परिणाम घोषणा की कार्यवाही संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर संपन्न होगी।
