धौलादेवी विकासखंड के ग्वाड़ क्षेत्र में तेंदुए की लगातार दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। तेंदुए के डर से प्राथमिक विद्यालय ग्वाड़ के 15 और जीआईसी बमनगांव के 25 छात्र-छात्राएं पिछले कई दिनों से स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ग्वाड़ ग्राम पंचायत में तेंदुआ अब तक कई बकरियों को अपना शिकार बना चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवर के घरों के पास दिखने के कारण महिलाएं मवेशियों के लिए चारा लाने खेतों में नहीं जा रही हैं। ग्रामीण कैलाश सनवाल, सुंदर, भुवन चंद्र और हीरा के अनुसार, वन विभाग से लंबे समय से क्षेत्र में नियमित गश्त और पिंजरा लगाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी जागेश्वर को भी पत्र भेजा है। वहीं, डीएफओ दीपक सिंह का कहना है कि तेंदुए की सूचना मिलने वाले स्थानों पर नियमित गश्त की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घरों के आसपास की झाड़ियों को साफ रखें और तेंदुआ दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
