अल्मोड़ा में लगातार बदलते मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर साफ नजर आने लगा है। पिछले पांच दिनों से कभी बूंदाबांदी, कभी तेज बारिश और फिर अचानक धूप-गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। इसका नतीजा यह है कि जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अस्पताल में सर्दी-जुकाम, खांसी, उल्टी, पेट दर्द और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही त्वचा संबंधी रोगियों की संख्या में भी इजाफा दर्ज किया जा रहा है। जिला अस्पताल में तैनात फिजिशियन डॉ. हरीश आर्या ने बताया कि मौसमी बदलाव की वजह से बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दौर में खानपान और रहन-सहन पर विशेष ध्यान देना बेहद जरूरी है। खासकर पानी उबालकर या फिल्टर करके पीना चाहिए ताकि बीमारियों से बचाव हो सके।
