जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे ने जानकारी दी कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 11 अगस्त को जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है, जिससे जलभराव या बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसको देखते हुए उन्होंने आपदा प्रबंधन आईआरएस प्रणाली के नामित अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एनएच, पीएमजीएसवाई, एडीबी, बीआरओ और सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने पर तुरंत खोलने की व्यवस्था करें और भूस्खलन संभावित मार्गों पर उपकरण पहले से तैयार रखें। राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। सभी पुलिस चौकियां और थाने आपदा संबंधी उपकरणों और वायरलेस सेट के साथ हाई अलर्ट में रहेंगे। अधिकारियों और कर्मचारियों को बरसाती, छाता, टॉर्च, हेलमेट और जरूरी सामग्री अपने वाहनों में रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में फंसे लोगों के लिए खाद्य सामग्री और चिकित्सा सुविधा तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। अत्यधिक वर्षा के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर रोक रहेगी और विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के फोन नंबर 05962-237874, 237875 या मोबाइल नंबर 7900433294, 9411303153 पर सूचित किया जाए।
