हवालबाग ब्लॉक प्रमुख चुनाव में इस बार मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। मौजूदा ब्लॉक प्रमुख और प्रत्याशी बबीता भाकुनी ने बीजेपी उम्मीदवार हिमानी कुंडू के नामांकन को चुनौती देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। बबीता भाकुनी का कहना है कि हिमानी कुंडू का नाम मतदाता सूची में दो स्थानों पर दर्ज है। एक हल्द्वानी नगर निगम में और दूसरा शैलगूँठ गांव में। उनका आरोप है कि नामांकन पत्र भरते समय हिमानी ने इस तथ्य को छुपाया, जो नियमों का उल्लंघन है। बबीता ने क्षेत्र पंचायत हवालबाग के निर्वाचन अधिकारी को लिखित शिकायत देकर हिमानी पर उत्तराखंड पंचायती राज अधिनियम 2016 की धारा 9(6) और 9(7) के उल्लंघन का आरोप लगाया है। अब सबकी नजरें जांच के नतीजों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि इस विवाद का चुनाव परिणामों पर क्या असर पड़ेगा।
