ऐतिहासिक अल्मोड़ा कारागार परिसर में आज अगस्त क्रांति दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नेहरू वार्ड में पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर पर दीप प्रज्वलन और वीर शहीदों को नमन के साथ हुआ। संचालन गिरीश मल्होत्रा ने किया। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू सहित बद्रीदत्त पांडे, हरगोविंद पंत, सैयद अली जहीर, खान अब्दुल गफ्फार खान, दुर्गा सिंह रावत समेत उन सभी क्रांतिकारी नेताओं को श्रद्धांजलि दी, जो कभी इस कारागार में निरुद्ध रहे थे। पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति में यह दिवस प्रतिवर्ष मनाया जाता है और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को जीवन में अपनाना हम सबका कर्तव्य है। उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि 9 अगस्त का दिन हमें देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वालों की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने देशभक्ति गीतों और नृत्यों की सुंदर प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कारागार में निरुद्ध बंदियों ने भी सांस्कृतिक गीत प्रस्तुत कर समा बांधा। जेल अधीक्षक जयंत पांगती ने कहा कि आज की जेलें केवल बंदीगृह नहीं, बल्कि सुधार गृह हैं, जहां अपराधियों को स्व-सुधार के लिए प्रेरित किया जाता है। इस अवसर पर बार संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष महेश परिहार, नगर के अनेक नागरिक, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
