लगातार हो रही बारिश ने सोमवार को जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने से 11 सड़कों पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रभावित मार्गों में मासी-जालली, भाकुड़ा-तल्ली चनौली, पीपना-मनहेत, वल्मरा-तल्ली चनौली, मंगलता-त्रिनेली, देघाट-तल्ली नारायण मंदिर, पेसिया-मल्ला गढ़कोट, भिकियासैंण-सैलापानी, चिमटाखाल-भौनखाल-भतरौंजखान, बसौली-पोखरी-नाईढौल और चमकना-अधे-थात-तराड़ सड़क शामिल हैं। सुबह से ही नगर और आसपास के क्षेत्रों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहा। दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट के साथ ठंडक बढ़ गई। सड़कें बंद होने से कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है और लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
