उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 13 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में तेज बारिश का दौर चलेगा, जबकि 14 और 15 अगस्त को ज्यादातर जिलों में मौसम खराब रहेगा। 16 अगस्त को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।बारिश के चलते नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने और संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन की आशंका है। मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल ने लोगों से अपील की है कि बारिश के समय नदियों-नालों के पास न जाएं और जरूरी न हो तो पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से बचें। भारत मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। चेतावनी के बाद राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऊपर बन रहा चक्रवाती तूफान नमी खींचकर बादल बना रहा है, जिससे यह बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
