रक्षाबंधन पर्व पर अपनी मां के साथ रिखणीखाल विकासखंड के गुठेरथा ग्राम पंचायत के तोक गांव कोटा में नानी के घर आए पांच साल के बच्चे को सोमवार की देर शाम करीब सात बजे घर के पास घात लगाकर बैठा गुलदार घर के आंगन से उठाकर ले गया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। गुठेरथा समेत आसपास के सैकड़ों ग्रामीण बच्चे की तलाश में जंगल और पूरा इलाका खंगाल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन के लोग गांव में पहुंच गए हैं। रिखणीखाल के कानूनगो प्रीतम सिंह ने बताया कि घर से करीब डेढ़ किमी दूर झाड़ियों में बच्चे का एक पैर मिला है। अब उसके बचे होने की उम्मीद कम ही है। तलाश जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पास काफी दिनों से एक गुलदार दिखाई दे रहा था। सोमवार को घटना से करीब आधा घंटा पहले भी गांव लौट रहे ग्रामीणों को रास्ते में गुलदार दिखा था। देवियोखाल और गुठेरथा क्षेत्र में गुलदार के हमले की यह पहली घटना है
