नैनीताल में एक नाविक का शव नैनी झील से बरामद किया गया है। नाव चालक बुधवार शाम घर नहीं लौटा जिसके बाद गुरुवार को झील में उसका शव देखा गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार शाम तक पर्यटकों को करा रहा था नौकायन
जानकारी के मुताबिक मल्लीताल क्वालिटी बोर्ड स्टैंड के समीप गुरुवार तड़के नाव चालकों ने झील में एक युवक का शव देखा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने अन्य नाव चालकों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला। एसआई अविनाश मौर्य ने बताया कि नाविक की पहचान मनोरा निवासी मोहन राम (40) पुत्र धनीराम के रूप में हुई। अन्य नाविकों के अनुसार बुधवार शाम तक मोहन पर्यटकों को नौकायन करा रहा था। वह स्टाफ हाउस में किराए पर रहता था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही स्पष्ट कारण पता चल सकेगा।