अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना परिसर, अल्मोड़ा के छात्रसंघ उपाध्यक्ष भूपेश सिंह गैड़ा ने विश्वविद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर कुलपति को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने कार्यरत अतिथि एवं संविदा शिक्षकों को प्राथमिकता देते हुए नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
छात्रसंघ उपाध्यक्ष ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने हेतु विज्ञप्ति जारी की गई है, लेकिन लंबे समय से कार्यरत अतिथि एवं संविदा शिक्षक पहले से ही विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
ऐसे में उन्हें दरकिनार कर नई नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाना न्यायसंगत नहीं होगा।उन्होंने कहा कि इन शिक्षकों ने विश्वविद्यालय की परीक्षाओं, मूल्यांकन कार्य और शैक्षणिक गतिविधियों में अपना महत्वपूर्ण समय दिया है।
यदि उन्हें प्राथमिकता नहीं दी गई तो उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो सकता है।ज्ञापन में मांग की गई है कि कार्यरत शिक्षकों के अनुभव और सेवाओं को ध्यान में रखते हुए नियुक्ति प्रक्रिया में उन्हें समुचित अवसर प्रदान किया जाए। साथ ही भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संचालित करने की भी अपील की गई है।
छात्रसंघ उपाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।
