अल्मोड़ा के जिला पूर्ति विभाग में करीब दो साल से पूर्ति निरीक्षकों के 26 पद सृजित हैं, इसके सापेक्ष छह पद खाली पड़े हुए हैं। एक पूर्ति निरीक्षक के पास दो खाद्यान्न गोदामों का प्रभार है। निरीक्षकों की कमी से सरकारी राशन दुकानों में व्यवस्था को परखना और मजबूत करना मुश्किल हो रहा है। पूर्ति निरीक्षकों पर ही कोटेदारों की जांच और कार्रवाई का प्रस्ताव देने की जिम्मेदारी है। निरीक्षकों की कमी से सरकारी राशन दुकानों पर खाद्यान्न वितरण की नियमित जांच के साथ ही जन समस्याओं का समय पर निस्तारण नहीं हो रहा। उपभोक्ताओं को समय पर राशन मिल रहा है या नहीं, किस गुणवत्ता का राशन उन्हें मिल रहा है, इसकी जानकारी जुटाना भी विभाग के लिए चुनौती बन गया है।
