अल्मोड़ा पुलिस का नशे पर बड़ा प्रहार, 7.79 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
अल्मोड़ा। एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत अल्मोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली अल्मोड़ा और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 25.98 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 79 हजार 400 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह तथा सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने बेस तिराहे से करबला जाने वाली सीढ़ियों के पास चेकिंग के दौरान अवधेश कुमार टम्टा (27 वर्ष) निवासी टम्टा मोहल्ला, अल्मोड़ा को गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली अल्मोड़ा में एफआईआर संख्या 61/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/29 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपी से बरामद मादक पदार्थ के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं।
एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे की तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
