नंदादेवी मेले की आड़ में बाहरी लोगों को बाजार लगाने देने के आरोप निराधार- मनोज वर्मा
अल्मोड़ा-नंदादेवी मेले की आड़ में बाहरी लोगों को बाजार लगाने की अनुमति दिए जाने के आरोपों पर नंदादेवी मंदिर समिति ने स्पष्ट स्थिति सामने रखी है।प्रेस को जारी बयान में नंदादेवी मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि कुछ संगठनों द्वारा लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं और मंदिर समिति का निजी भूमि पर लगने वाले बाजारों अथवा दुकानों से कोई संबंध नहीं है।मनोज वर्मा ने स्पष्ट किया कि नंदादेवी मेला केवल नंदादेवी मंदिर परिसर एवं एडम्स फील्ड में 15 से 25 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले से संबंधित दुकानें भी इन्हीं निर्धारित परिसरों में लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन दोनों परिसरों के बाहर यदि कहीं बाजार अथवा दुकानें लगाई जा रही हैं तो वे किसी अन्य व्यक्ति की निजी भूमि पर लग रही हैं, जिनसे नंदादेवी मंदिर समिति का कोई लेना-देना नहीं है।उन्होंने कहा कि कुछ संगठनों द्वारा नंदादेवी मेले को लेकर जिस प्रकार के आरोप लगाए जा रहे हैं, उससे अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।उन्होंने आरोप लगाने वाले संगठनों से स्पष्ट रूप से कहा कि नंदादेवी मंदिर परिसर एवं एडम्स मैदान के अतिरिक्त यदि कहीं बाहरी व्यक्तियों द्वारा दुकानें अथवा बाजार लगाए गए हैं तो प्रशासन ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है।मनोज वर्मा ने कहा कि किसी व्यक्ति की निजी भूमि पर होने वाली गतिविधियों के लिए मंदिर समिति को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।उन्होंने दोहराया कि समिति केवल निर्धारित मेला क्षेत्र में होने वाली व्यवस्थाओं और गतिविधियों के लिए जिम्मेदार है।उन्होंने कहा कि नंदादेवी मेला धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है और समिति की प्राथमिकता मेले का शांतिपूर्ण,व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण आयोजन करना है। उन्होंने सभी संगठनों एवं आम जनता से अपील की कि बिना तथ्यों की जानकारी के आरोप लगाने के बजाय वास्तविक स्थिति को समझें और मेले के सफल आयोजन में सहयोग करें।
