अल्मोड़ा, । जनपद में सघन वाहन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों और उन्हें वाहन उपलब्ध कराने वाले स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई चंद्रशेखर घोडके, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशों पर की जा रही है।एसएसपी द्वारा सभी थाना प्रभारियों को रैश ड्राइविंग, लापरवाह वाहन संचालन एवं नाबालिगों को वाहन देने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक योगेश चन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में एसएसआई रमेश बोरा द्वारा अल्मोड़ा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।चेकिंग के दौरान एक नाबालिग को स्कूटी चलाते हुए पकड़ा गया। मौके पर वाहन स्वामी जीवन लाल पुत्र मोहन लाल, निवासी बाड़ेछीना को बुलाया गया।
पुलिस ने स्कूटी को सीज करते हुए वाहन स्वामी के विरुद्ध 40,000 रुपये का कोर्ट चालान किया।पुलिस ने वाहन स्वामी को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में नाबालिगों, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस अथवा अज्ञात व्यक्तियों को वाहन न सौंपें।इसके अतिरिक्त नाबालिग चालक के अभिभावक (भाई) को थाने बुलाकर आवश्यक काउंसलिंग की गई तथा सख्त हिदायत देते हुए नाबालिग को सकुशल सुपुर्द किया गया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
