अल्मोड़ा । जनगणना–2027 के सफल एवं सुचारु संचालन के दृष्टिगत जनपद स्तर पर जनगणना से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से प्रारम्भ हो गया। यह प्रशिक्षण 26 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक जिलाधिकारी कार्यालय अल्मोड़ा में प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी, जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस प्रशिक्षण में जनगणना से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी, चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज जनगणना अधिकारी, तकनीकी सहायक तथा जनगणना लिपिक प्रतिभाग कर रहे हैं।प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना–2027 की प्रक्रियाओं, तकनीकी प्रावधानों एवं दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करना है, जिससे जनगणना कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर शुद्धता, पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता के साथ संपादित किया जा सके।कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र एवं नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित जनगणना निदेशालय से आए प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षण को जनगणना की सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी प्रतिभागियों से गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ दायित्व निर्वहन का आह्वान किया।
