अल्मोड़ा,।वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों तथा जनपद में संचालित घरेलू गैस एजेंसियों के संचालकों व संबंधित हितधारकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने, कालाबाजारी व जमाखोरी पर नियंत्रण तथा उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर विस्तार से चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार का व्यवधान न आने दिया जाए और प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए लोगों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।उन्होंने सभी गैस वितरकों को निर्देशित किया कि बिना बुकिंग के किसी भी व्यक्ति को गैस सिलेंडर उपलब्ध न कराया जाए।
साथ ही गैस बुकिंग के लिए निर्धारित 25 दिन के अंतराल का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए, जिससे सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके और अनावश्यक भीड़ या अव्यवस्था की स्थिति न बने।
बैठक में बताया गया कि गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है। इन टीमों में संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष तथा पूर्ति निरीक्षक शामिल रहेंगे, जो समय-समय पर गैस एजेंसियों का निरीक्षण करेंगे।जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को प्रतिदिन अपने स्टॉक का रिकॉर्ड संधारित करने और आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन को जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि निर्धारित समयावधि में ही गैस बुकिंग कराएं और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर लेने का प्रयास न करें।
यदि किसी उपभोक्ता को ऑनलाइन बुकिंग में समस्या आती है तो वह मैनुअल बुकिंग कर संबंधित गोदाम से सिलेंडर प्राप्त कर सकता है।जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए एहतियातन व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की डिलीवरी पर अस्थायी रोक लगाई गई है, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा सके।
साथ ही किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक आपातकालीन कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायत या सूचना के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 05962-237875, 05962-237874 तथा मोबाइल नंबर +91 79004 33294 जारी किए गए हैं।
