अल्मोड़ा जिले मे रोजाना मौसम मे बदलाव देखने के लिए मिल रहा है। आसमान में छाए बादलों के साथ चल रही ठंडी हवाओ ने लोगों की कंपकंपी छुड़वा दी है। इसके साथ ही रात में गिरे पाले ने सुबह के समय लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास दिलाया। अल्मोड़ा में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। बीते बुधवार रात मौसम साफ रहने से जमकर पाला गिरा।
इससे सुबह के तापमान में गिरावट देखी गई। गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद तक बादलों और सूरज के बीच आंख मिचौली का खेल चलता रहा। इस बीच चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को खुले में बैठना मुश्किल कर दिया। शाम होते होते आसमान में घने बादल छा गए।
इससे एक बार फिर लोगों को ठंड का एहसास हुआ। मौसम बदलने से बाजार आए लोग समय रहते घरों को निकल गए। इससे शाम के समय बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। गुरुवार को नगर को अधिकतम तापमान 19 तो न्यनूतम छह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
