अल्मोड़ा जिले के घाटी वाले इलाकों में कोहरा छाने से ठंड में इज़ाफ़ा हुआ है। यहां सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। साथ ही जिले के तापमान में दूसरे ही दिन दो डिग्री की गिरावट देखने के लिए मिली है।
बीते शनिवार को सुबह के समय नगर में स्थित मालरोड, जाखनदेवी, हवालबाग, कोसी, कटारमल सहित कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरा छाने की वजह यहां धूप भी नहीं निकली। जिसके चलते लोगों को ठंड में ठिठुरना पड़ा।
करीब 10 बजे जा कर कोहरा छंटने के बाद लोगों को राहत मिली। कोहरा छाने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बीते शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री था।
शनिवार को अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रिकार्ड किया गया। हर दिन तापमान गिरने से ठंड का असर बढ़ रहा है। सुबह-शाम ठंड से बचने के लिए लोग हीटर, ब्लोअर का सहारा ले रहे हैं।
