देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधायकगणों द्वारा उठाई गई समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लें और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन योजनाओं का समाधान शीघ्र संभव है, उनमें अनावश्यक देरी न हो और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनता की समस्याओं का समाधान करें। पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं को मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
साथ ही हेली एंबुलेंस सेवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विभागों के बीच प्रस्तावों के आदान-प्रदान में देरी न हो।
यदि कोई प्रस्ताव एक विभाग से दूसरे विभाग को भेजा जाना है तो उसे शीघ्रता से अग्रेषित किया जाए, अन्यथा संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने मानसून से पूर्व बाढ़ नियंत्रण कार्यों की व्यापक समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी आवश्यक कार्य समय से पूरे किए जाएं। साथ ही आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने और व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए।
होटल एसोसिएशन के साथ समन्वय बनाकर वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों से संबंधित समस्याओं के समाधान पर भी जोर दिया गया।बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, विभिन्न विधायकगण, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
