उत्तराखंड राज्य में चमोली जिले के पगनों गांव में भारी बारिश के चलते लोग दहशत में हैं। यहा गांव में लगातार भूस्खलन हो रहा है। गांव में 53 परिवार अभी भी इस भूस्खलन क्षेत्र में हैं। अतिवृष्टि के कारण गांव के ऊपर से मिट्टी और मलबा बह कर ग्रामीणों के घरों में घुस गया। मलबा आने से खेतों में फसल भी बर्बाद हो गई है। पिछले दिनों भी गांव में मलबा आने से ग्रामीण रात के अंधेरे में ही अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर गए थे। इसके बाद ग्रामीणों ने पानी को डायवर्ट किया हुआ था, लेकिन आज अचानक फिर से भारी बारिश के चलते मलबा और पानी लोगों के घरों में घुस गया।
